आजमगढ़। बकाया वसूली के लिए दो और स्पेशल टीम गठित की है, जो वसूली के साथ ही उपभोक्ताओं की समस्याओं का भी समाधान करेगा। इतना ही नहीं इस दौरान चोरी से बिजली के उपभोग की भी जांच पड़ताल की जाएगी।
जिले में बकाया बिजली बिल वसूली को लेकर बिजली विभाग की पहले से ही तीन टीमें हैं। वहीं अब दो और स्पेशल टीम बनाई गई है जो बड़े बिजली उपभोक्ताओं की जांच-पड़ताल करेगी। इसमें शहर में स्थित प्राइवेट अस्पतालों के साथ ही होटल और शॉपिंग मॉल आदि शामिल है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के समस्याओं का भी त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। नई स्पेशल टीमों की जिम्मेदारी उपखंड अधिकारी विकास कुमार और संदीप प्रजापति को सौंपी गई है। बुधवार से ही टीम अपनी कवायद शुरू कर देगी। पहले दिन प्राइवेट अस्पतालों पर पहुंच कर टीम जांच-पड़ताल करेगी। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि बकाया वसूली के लिए दो नई टीमें बनाई गई है जो तीन दिनों तक सक्रिय रहेंगी। इस दौरान ये टीमे प्राइवेट अस्पताल, होटल और शॉपिंग मॉल पर पहुंच कर बिजली चोरी, रिडिंग और बकाया आदि की जांच पड़ताल करेगी।