आजमगढ़। जिले में बदहाल कानून व्यवस्था, कटौती सहित अन्य मांगों को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने रिक्शा स्टैंड पर प्रदेश सरकार के विरुद्ध धरना दिया। बाद में प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं होती है तो वृहद आंदोलन करेंगे।
धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता व जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि सौ दिन पूरे होने पर योगी सरकार अपनी पीठ खुद थप-थपा रही है। जबकि प्रदेश अपराध व अपराधियों की चपेट में आ चुका हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। किसानों की कर्जा माफी जुमला ही साबित हुई। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। नगर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से बिखर गई है। बिजली कब आएगी और कब जाएगी इसका कोई समय निर्धारित नहीं है।
बिजली को लेकर नगर में हाहाकार मचा है। उन्होंने कहा कि विभाग सहित जनप्रतिनिधि मौन हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी खुलेआम भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। नगर अध्यक्ष तेजबहादुर यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार में नगर पालिका कमीशन खोरी का अड्डा बन गया हैं। धरने को दलसिंगार, विजय यादव, नुरूज्जमा, राघवेंद्र आदि ने संबोधित किया। धरने में बालकिशुन यादव, शाहिद खां, रामरूप यादव, तनवीर रिजवी, इसरार अहमद, इरफान अहमद, धर्मेंद्र प्रताप यादव, विश्वनाथ, बालकिशुन प्रसाद यादव, गोविंद सोनकर आदि शामिल थे।