मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में 12 और 16 अक्तूबर को 500-500 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। सावित्रीबाई फुले राजकीय पॉलीटेक्निक में होने वाले आयोजन में करीब पांच हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने आयोजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई, मोबाइल शौचालय, बिजली, अग्निशमन और भोजन की व्यवस्था रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ एंबुलेंस भी तैनात की जाएगी। विभागीय कर्मचारी जोड़ों को आयोजन स्थल तक लाने, बैठाने और विवाह की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करेंगे। विवाह के बाद उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
भोजन और विवाह सामग्री की गुणवत्ता व वितरण की निगरानी संबंधित अधिकारी करेंगे। डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दोनों दिन सुबह नौ बजे आयोजन स्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कर पात्र जोड़ों का चयन सुनिश्चित करने को कहा है।