पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को पांच ब्लाकों में मतदान का कार्य संपन्न हुआ। सुबह के समय जहां पोलिंग बूथों पर इक्का-दुक्का लोग वोट डालने के लिए पहुंचे वहीं 11 बजते-बजते बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई। शाम पांच बजे जब मतदान संपन्न हुआ तो कुल पड़े वोटों का प्रतिशत 57.45 तक पहुंच गया।
सुबह के समय मतदान का प्रतिशत काफी कम रहा। लेकिन जैसे-जैसे तापमान बढ़ता रहा वैसे-वैसे मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता गया। गांवों में खेती किसानी का काम करने वाले लोग सुबह को खेतों में कार्य करते देखे गए लेकिन दोपहर को जब काम बंद हुआ तो वह लोग वोट डालने के लिए बूथों की ओर चल पड़े। जिसका परिणाम था कि बूथों पर कतार लगनी शुरू हुई जो धीरे-धीरे बढ़ती गई। मतदान को लेकर महिलाओं के उत्साह में भी कोई कमी नहीं थी। महिलाएं ग्रुप में पोलिंग बूथों पर पहुंची और लाइन में लगी। वोट डालने के बाद ग्रुप की महिलाओं के साथ ही वापस लौटी। हालत यह रही कि लाइन में लगने से थककर बहुत सी महिलाएं अपने स्थान पर ही बैठ गई।
मतदान के मामले में बिलरियागंज विकास खंड के मतदाता सबसे आगे रहे। सुबह नौ बजे बिलरियागंज विकास खंड में कुल 10.50 प्रतिशत मत पड़े थे। इसके बाद मतदाताओं की संख्या में वृद्धि शुरू हुई जो पूर्वाह्न 11 बजे 21.5 प्रतिशत, तो एक बजे 40.5 प्रतिशत, शाम तीन बजे 49.5 प्रतिशत तो मतदान की समाप्ति पर यह प्रतिशत 66.5 पर पहुंच गया। इस प्रकार मतों का यह प्रतिशत दूसरे चरण में शामिल सभी ब्लाकों से ज्यादा रहा।