आजमगढ़। देवगांव कोतवाली पुलिस ने एक अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच चोरों को गिरफ्तार कर जनपद में हुई चोरी की चार घटनाओं का खुलासा किया। आरोपियों के कब्जे से छह चोरी की बाइक, वाराणसी से चोरी ई-रिक्शा, तीन बाइक की चेसिस और अन्य पार्ट्स बरामद किए गए हैं।
देवगांव कोतवाली पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर लालगंज कस्बे में शुभम सिंह (27) को ई-रिक्शा सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने वाराणसी से ई-रिक्शा चोरी करने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर वाराणसी के श्याम नारायण विश्वकर्मा के गैरेज से चार अन्य आरोपियों श्याम नारायण विश्वकर्मा, मनोज गुप्ता, विनोद अग्रहरी और सुरेंद्र गुप्ता उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के इस गिरफ्तारी से देवगांव थाने की तीन और मेहनाजपुर की एक चोरी की घटना का खुलासा हुआ, जो दिसंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच हुई थीं।
शुभम पर दर्ज हैं 22 मुकदमे
शुभम सिंह, जिसके खिलाफ 22 मुकदमे दर्ज हैं और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। शुभम ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर आजमगढ़ के देवगांव और मेहनाजपुर थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कीं। चोरी की गई गाड़ियों को वाराणसी में श्याम नारायण के गैरेज में छिपाया जाता था, जहां उनके पार्ट्स अलग कर बेचे जाते थे।
पुलिस ने ये सामान किए बरामद
एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से छह बाइक और एक ई रिक्शा समेत तीन चेसिस और मोटरसाइकिल के कई पार्ट्स (टंकी, इंजन आदि) बरामद किए हैं।