आजमगढ़। जिले की विभिन्न तहसीलों में आयोजित तहसील समाधान दिवस में 489 शिकायतें मिलीं, इनमें से केवल 28 मामलों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। शेष 461 शिकायतें लंबित रह गईं।
लालगंज तहसील में सर्वाधिक 142 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 17 का निस्तारण हुआ। सदर तहसील में 46 और फूलपुर में 42 शिकायत आई। दोनों तहसीलों में पांच-पांच मामलों का निपटारा किया गया, जबकि मेंहनगर तहसील में 10 और निजामाबाद में 61 में आए, यहां एक-एक मामले का समाधान हो सका। वहीं सगड़ी, मार्टीनगंज, बूढ़नपुर तहसीलों की स्थिति चिंताजनक रही, जहां क्रमशः 110, 53, 25 शिकायतें मिलीं, लेकिन एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो पाया।
लालगंज : तहसील परिसर में शनिवार को सीडीओ परीक्षित खटाना की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस में 142 प्रार्थना पत्र प्राप्त आए। इनमें राजस्व के 80, पुलिस के 21, पीडब्ल्यूडी के 4, नगर पंचायत के 2, विद्युत विभाग के 14, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के एक-एक मामले आए। जबकि 18 प्रार्थना पत्र अन्य मामलों के रहे। मौके पर ही 17 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। महुआपार थाना मेहनाजपुर निवासी हरिंदर साधु ने वर्तमान प्रधान पर मनरेगा मजदूरी ना देने का आरोप लगाया। वहीं, नरवाँ निवासी मना राम ने आबादी संख्या 326 के रास्ते पर कुछ लोगों द्वारा वर्षों से कब्जा कर लेने की शिकायत की।
उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल पर गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया। इंद्रमणि यादव ने बताया कि गांव की नाली के जमीन को कुछ चकदारों ने काटकर अपने खेत में मिला लिया है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मौजूद पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया है।
इस अवसर पर एसडीएम लालगंज राजकुमार बैठा, क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडे, तहसीलदार उमेश सिंह, मनोज गिरी, सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा, डीआईओएस मनोज कुमार, ग्राम विकास परियोजना निदेशक सच्चिदानंद, बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक आदि रहे।