आजमगढ़। जनपद की समस्त तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले की सात तहसीलों में कुल 479 शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत हुई। इनमें से मात्र 18 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। शेष शिकायतों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के हवाले कर दिया गया।
निजामबााद में समाधान दिवस पर कुल 71 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 43, पुलिस विभाग के 15, विकास विभाग के 11 तथा अन्य 2 मामले शामिल रहे। मौके पर राजस्व विभाग के 2 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया, जबकि शेष 69 मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र एवं स्थल निरीक्षण कर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेंशन, आवास एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (सिटी) मधुवन कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।