प्रदेश में सपा सरकार बनने के बाद 2012 में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनपद के विकास के लिए 47 परियोजनाओं सहित 11 संपर्क मार्गों के निर्माण और मरम्मत की घोषणा की थी। वहीं, 2015 में उन्होंने कुल 55 परियोजनाओं की आधारशिला रखी लेकिन इनमें से अब तक 11 परियोजनाओं पर कार्य ही शुरू नहीं हो सका है। इनमें 2012 की चार और 2015 की सात परियोजनाएं शामिल हैं।
विधानसभा चुनाव के दौरान वर्ष 2012 में नगर के आईटीआई मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने जनपदवासियों से उप्र में सपा की सरकार बनने के बाद विकास की गंगा बहाने का वादा किया था। प्रदेश में सरकार बनने के बाद नौ अक्टूबर 2012 को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 46 परियोजनाओं सहित 11 संपर्क मार्गों के निर्माण की घोषणा की थी। इनमें से 27 परियोजनाओं और 11 संपर्क मार्गों का कार्य पूर्ण हो चुका है और 18 परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है।
जिन परियोजनाओं पर अभी कार्य शुरू नहीं हो सका है उनकी संख्या चार है। वहीं, छह फरवरी 2015 को मुख्यमंत्री ने 51 परियोजनाओं के साथ ही पांच संपर्क मार्गों के निर्माण की भी घोषणा की। इसमें से पांचों संपर्क मार्गों का निर्माण प्रगति पर है। 17 परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है और 26 परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है। जबकि सात परियोजनाओं पर अभी तक कार्य शुरू ही नहीं हो सका है।