आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बघरवा मोलनापुर अंडरपास के समीप मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 43 हजार रुपये लूटे लिए।
मिर्जापुर जनपद के चुनार निवासी दीपक आजमगढ़ के लालगंज में एक फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं। वह मंगलवार को बाजार से पैसे एकत्र कर जमा करने के लिए जा रहे थे। वह देवगांव कोतवाली के बघरवा मोलनापुर अंडरपास के निकट पहुंचे ही थे कि बिना नंबर प्लेट के बाइक पर सवार बदमाश उन्हें तमंचे के बल पर उसे रोकते हुए धक्का मारकर उसे नीचे गिरा दिए और पैसे से भरा बैग लूट लिए। बैग में कुल 43 हजार 290 रुपये थे। सूचना मिलने पर देवगांव कोतवाल शशिमौलि पांडेय व लालगंज चौकी इंचार्ज अनुपम जायसवाल ने घटना की जानकारी ली। वहीं इसके पूर्व सोमवार को भी देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कलीचाबाद गांव के निकट बाइकसवार बदमाशों ने असलहे के बल पर आतंकित कर के एक फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 21 हजार रुपये नकद व मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। अभी इस घटना की छानबीन में पुलिस जुटी ही थी कि दूसरे दिन मंगलवार को भी एक और घटना हो गई। लगातार हो रही लूट की घटना पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। वहीं स्थानीय लोग पुलिस के कार्यशैली पर भी प्रश्न खड़ा कर रहे हैं। ऐसे में लगातार हो रही लूट की घटना से व्यापारी दहशतजदा हैं।