आजमगढ़। रोडवेज परिसर में मंगलवार को सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में डॉ. कुंदन गुप्ता, डॉ. नितीश सिंह और डॉ. केके पांडेय की टीम ने 76 चालकों और परिचालकों के स्वास्थ्य की जांच की।
परीक्षण के दौरान केवल 22 चालक और परिचालक पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। 42 चालकों और परिचालकों की आंखें कमजोर पाई गईं, जिन्हें चश्मा लगाने की सलाह दी गई। इसके अलावा, 10 चालकों और परिचालकों का ब्लड प्रेशर उच्च पाया गया, जबकि दो व्यक्तियों की आंखों में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई। एआरटीओ प्रशासन अतुल यादव ने बताया कि यह शिविर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और चालकों, परिचालकों के स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए आयोजित किया गया है। यह शिविर पांच जुलाई तक चलेगा। संवाद