आजमगढ़। गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार से सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में रौनक लौट आई। हालांकि पहला दिन होने के कारण छात्रों की उपस्थिति थोड़ी कम नजर आई। स्कूल के पहले दिन सबसे ज्यादा मशक्कत अभिभावकों को करनी पड़ी।
गर्मी की छुट्टिया बीतने के बाद सोमवार को विद्यालयों में चहल-पहल लौट आई। छोटे बच्चे अनमने मन से विद्यालय की ओर जाते देखे। उनका हाथ अपने हाथों में थामे अभिभावक उन्हें समझाते हुए विद्यालय की ओर जा रहे थे। बच्चे को फुसलाने के लिए उन्हें अपनी जेब भी ढ़ीली करनी पड़ी। बड़े बच्चे तो जैसे स्कूल के खुलने का इंतजार ही कर रहे थे। इस दौरान विद्यालयों में एडमिशन के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ी ह़ुई थी। जो लोग अप्रैल में एडमिशन नहीं करा पाए थे। वह इस बात का पता कर रहे थे कि उनके मनचाहे विद्यालय में उनके लाडले का एडमिशन हो पाएगा या नहीं। विद्यालय खुलने के पहले दिन सबसे ज्यादा मशक्कत अभिभावकों को उठानी पड़ी। एक तो सुबह के समय बच्चे को जगाना उसके बाद उसे विद्यालय के लिए तैयार करना काफी कठिन साबित हुआ है। क्योंकि छुट्टी के बाद बच्चों का शिड्यूल बिगड़ गया है। अभिभावक उन्हें तरह-तरह के लालच देते नजर आए। वहीं काफी दिनों से बंद विद्यालयों में बच्चों के आने से रौनक लौट आई। पहला दिन होने के कारण विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति काफी कम रही लेकिन जो बच्चे विद्यालय पहुंचे उन्हें शिक्षकों ने आगे का पाठ पढ़ाया। सरकारी हो या प्राइवेट सभी विद्यालयों की हालत एक ही समान दिखी।
पहले दिन भीगते हुए विद्यालय पहुंचे बच्चे
सगड़ी। तहसील क्षेत्र में सोमवार को विद्यालय खुले लेकिन सुबह से ही मौसम खराब होने के कारण विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति कम रही। सुबह से हो रही बारिश के चलते बच्चे विद्यालय छाता लेकर या भीगते हुए पहुंचे। नए सत्र के पहले दिन बच्चों का उत्साह देखने लायक बन रहा था। बच्चे हंसते मुस्कुराते हुए विद्यालय जा रहे थे। सगड़ी तहसील क्षेत्र के मालटारी, बोझिया, भदांव, बरकोठा, अंडाखोर, बासगांव, महुलिया, रामगढ़, पकवाइनार, जीयनपुर, मनिकाडीह, बाईपार, गड़ेरुआ, लुचुई सहित पूरे क्षेत्र में सुबह से ही बारिश होती रही।
अनोखे तरीके से हुआ ड्रेस वितरण
अमिलो। शिक्षा क्षेत्र सठियांव के प्राथमिक विद्यालय जमुड़ी सोमवार को खुला। इस दौरान विद्यालय के बच्चों में ड्रेस का वितरण किया गया। कक्षा तीन के छात्र नीतीश गोंड को प्रधानमंत्री, कक्षा पांच की छात्रा नेहा कन्नौजिया को मुख्यमंत्री, कक्षा चार के हिमांशु गोंड को जिलाधिकारी, कक्षा चार के केशर रावत को बेसिक शिक्षा अधिकारी, कक्षा पांच की की छात्रा कुमारी साधना को खंड शिक्षा अधिकारी और कक्षा चार के अंश वर्मा को शिक्षक का लेबल लगा कर ड्रेस वितरण करने का अवसर प्रदान किया गया। सबने राजनेता और अधिकारियों की भूमिका में अपना.अपना जलवा विखेरा। स्कूल खुलने के पहले दिन में 188 में से 66 छात्र-छात्रा उपस्थित थे। जिनको ड्रेस, टाई, बेल्ट, कैप व परिचय पत्र वितरित किया गया। अंत में रसोईयों को साड़ी भी ड्रेस के रूप में बांटी गयी। इस मौके पर प्रधानाध्यापिका डा. संगीता सिंह, शीला सिंह, अरूण सिंह, मंजू सिंह, इंदूबाला मौर्या, नीलम मौर्या, शशिकला यादव, गीता देवी आदि उपस्थित रहे।
प्रधान संघ के जिला प्रभारी ने बांटा ड्रेस
लाटघाट। हरैया ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय व पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाजार गोसाईं बनकटा में प्रधान संघ के जिला प्रभारी और ग्राम प्रधान लौहर यादव, खंड शिक्षा अधिकारी हरैया राजेश कुमार ने छात्र छात्राओं को ड्रेस वितरण किया। लौहर यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि प्राइवेट विद्यालयों की तर्ज पर सरकारी विद्यालयों में बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले। इसलिए यह ड्रेस वितरण का कार्यक्रम किया गया। ताकि गरीब बच्चों को यह महसूस ना हो कि हम किसी सरकारी विद्यालय में पढने जाते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि सरकार का मंशा है कि पूरे प्रदेश में विद्यालयों की दशा व दिशा बदली जाए। छात्राओं को अच्छी शिक्षा मुहैया कराई जाए। इस मौके पर एबीआरसी आलोक राय, प्रधानाध्यापक रामनगीना मौर्य, कपिलदेव यादव, रामविजय यादव, सुनील मौर्य आदि लोग मौजूद रहे।