आजमगढ़। जिलाधिकारी ने स्वच्छ शौचालय की धनराशि ग्राम निधि के खाते मेें जाने के 24 घंटे के अंदर लाभार्थी के खाते में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि यदि इस कार्य में विलंब होता है तो संबंधित प्रधान और सेक्रेेटरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। तहतबरपुर के गांवों में शौचालय न बनने की जांच डीपीआरओ को सौंपी। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता के साथ उठाया था।
उक्त निर्देश जिलाधिकारी चन्द्र भूषण सिंह ने शनिवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित स्वच्छता एवं पेयजल समिति की बैठक में दिए। एमआईएस फीडिंग और जीयो टैगिंग में खराब प्रगति पाए जाने पर एडीओ पंचायत को कड़ी फटकार लगाई। दो दिन में कार्य को पूर्ण करने को कहा। कहा कि पूर्व में ही 15 फरवरी तक इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। ब्लाक पल्हनी में सबसे कम प्रगति पाए जाने पर एडीओ पंचायत को डांट पिलाई। मेंहनगर में 80 प्रतिशत और रानी की सराय में 82 प्रतिशत की प्रगति मिलने तथा अन्य ब्लाकों में 50 से 55 प्रतिशत की उपलब्धि पाए जाने पर नाराजगी जताई। बिलरियागंज ब्लाक में पीएनबी द्वारा पैसा ट्रांसफर न करने की जानकारी मिलने पर एलडीएम से वार्ता की। डीपीआरओ जितेंद्र नाथ मिश्रा को तहतबरपुर के गांवों का निरीक्षण करने और जिन गांवों में लाभार्थी के खाते में अभी तक धनराशि नहीं पहुंची है उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। संबंधित प्रधान और सक्रेरेटरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को कहा। सीडीओ अभिषेक सिंह, सबी एडीओ पंचायत आदि उपस्थित रहे।