पिछड़ा वर्ग एवं विकलांग कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को सठियांव ब्लाक के ग्राम पंचायत पैकोली में जनसभा को संबोधित किया। यहां प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए पात्रों से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में भाग लेने की अपील की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक शादी योजना के तहत 50 जोड़ों की शादी कराने पर शादी का खर्च सरकार स्वयं वहन करेगी। बशर्ते की शादी योजना का विवरण और सूची सरकार को उपलब्ध कराया जाए। विकलांगों को शादी में अनुदान, शिक्षा और यात्रा में छूट दी जाएगी। जुलाई 2011 में आर्थिक जनगणना के अनुसार जो आवास पात्रता की सूची में छूट गए हैं, वो नाम पूरक सूची में दर्ज करा लें। कोई भी कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तत्काल मुझे दें। कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की सड़क व्यवस्था बदहाल है। इसकी शिकायत करें मार्ग मरम्मत कराया जाएगा। इसके अलावा लखनऊ में आयोजित अति पिछड़ा सम्मेलन में भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर कमलेश राजभर, इस्माईल फारुकी, मिसम अब्बास, नसीम, सूर्यनाथ, शशि प्रकाश उर्फ मुन्ना सिंह, देवदास सिंह, बेलाल, लक्ष्मण मौर्या, मानिक चन्द्र राजभर, रघूनाथ यादव आदि लोग उपस्थित थे।