आजमगढ़। इस वर्ष जिले में लगभग 54 हजार परीक्षार्थी 15 अक्तूबर को होने वाली टीईटी की परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 66 केंद्रों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एक केंद्र पर दो स्टैटिटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर तथा जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की तैयारी शुरू कर दी गई है। एक दिन में 54 हजार अभ्यर्थियों को संभालना किसी चुनौती से कम नहीं है।
इस वर्ष जिले में दो पालियों में होने वाली टीईटी परीक्षा में पहली पाली में प्राथमिक और दूसरी में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग से परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 66 केंद्रों की सूची तैयार करके भेज दी गई है। जिसे अंतिम रूप देने के प्रक्रिया एनआईसी की ओर से अपनाई जा रही है। एक-दो दिन में केंद्र का निर्धारण होने की उम्मीद है। इसके बाद अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की प्रतिक्रया शुरू होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए आनलाइन आवेदन में अंकित फोटोयुक्त पहचान पत्र और अंतिम निर्गत अंकपत्र की मूल प्रति को साथ लाना होगा।
66 केंद्रों का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। इस बार लगभग 54 हजार अभ्य र्थी परीक्षा में भाग लेंगे। विभाग की ओर से परीक्षा की तैयारियां की जा रही है।
डॉ. वीके शर्मा, डीआईओएस