आजमगढ़। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आंगनबाड़ी कर्मचारी और सहायिका एसोसिएशन द्वारा कलेक्ट्रेट क्षेत्र स्थित रिक्शा स्टैंड पर दिया जा रहा धरना बुधवार को दसवें दिन भी जारी रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने कहा कि जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती है तब तक हमारा यह धरना जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष सीमा यादव ने कहा कि जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होगी तब तक किसी भी हाल में हमारी कलम नहीं उठेगी। हमारी मांग है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। सहायिकाओं को नौ हजार रूपये प्रतिमाह दिया जाए और विशेष योग्यता रखने वाली आंगनबाड़ियों को मुख्य सेविका पद पर पदोन्नति दी जाने सहित 17 मांगे शामिल हैं। जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं की जाती तब तक हम बीएलओ और पल्स पोलियो की ड्यूटी नहीं करेंगे। यहां तक कि जो मेगा काल आती है उसे भी नहीं रिसीव करेंगे। इस कामों का अलग से भुगतान किया जाए और मोबाईल भी दिया जाए। सरकार अभी हमारी मांगे पूरी करे हम तत्काल धरना समाप्त कर देंगे। जिला संरक्षक संजीवन कुमार गौतम ने कहा कि हक की लड़ाई के लिए आर पार के संघर्ष की लड़ाई लड़ते रहेंगे। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बुधवार को रिक्शा स्टैंड से रैली निकाली गयी जो तहसील, नगर पालिका होते हुए पुन: रिक्शा स्टैंड पहुंचकर समाप्त हुई। इस मौके पर लक्ष्मी सिंह, प्रिया, मंजू मौर्य, सीमा, अनिता राय, कंचन राय, बीना, किरन सिंह, पुष्पा मौर्य, चन्द्रकला, सुनीता सिंह आदि उपस्थित रहीं। पवई संवाददाता के अनुसार 27 सूत्री मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कर्मचारी और सहायिकाओं ने बुधवार को ब्लाक मुख्यालय पर धरना और प्रदर्शन किया। इस मौके पर शिवकुमारी यादव, गीता विश्कर्मा, प्रतिमा सिंह, किरन सिंह, तृप्ति सिंह, विंद्रावती, सीमा सिंह, सरला मौर्या आदि उपस्थित थी।