लाटघाट। एक पखवाड़े से जला 25 केवी का ट्रांसफार्मर न बदलने पर भड़के हरैया ब्लाक के जोकहरा गांव के ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से लोगों में नाराजगी है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि ट्रांसफार्मर जल्द नहीं लगा तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
जोकहारा गांव के छपरा में 15 दिनों से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जला हुआ है। ग्रामीण ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए विभाग का चक्कर काट रहे हैं। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना अवर अभियंता लाटघाट को भी दी। लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। जबकि प्रदेश सरकार का स्पष्ट आदेश है कि ट्रांसफार्मर किसी भी हाल में 48 घंटे के अंदर बदल दिए जाए। लेकिन अधिकारी इस आदेश को लेकर लापरवाह बने हुए हैं। गांव के झिल्लर, रामशब्द, रामशरीख, सिया राम, ईश्वरदत्त राय, सिधारी, रामबली, शिवचंद, बरखू, पुनवासी, रामजन्म, चंद्रजीत, प्रवीण, रमेश, नारद, नागेंद्र, नरेश, चंद्रिका ने कहा कि 15 दिन से हम अंधेरे में है। सिंचाई के अभाव में धान की फसल सूखने की कगार पर है। उपर से रात में गर्मी के मारे नींद नहीं आ रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।