आजमगढ़। अघोषित विद्युत कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर शुक्रवार को गोपालपुर के ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंप आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की। चेतावनी दी कि यदि समस्या का निराकरण न हुआ तो आंदोलन को बाध्य होंगे।
बता दें कि मुहब्बतपुर सब स्टेशन से गोपालपुर, शाहगढ़, धनकपुर सहित दर्जनों गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। पिछले कई माह से सब स्टेशन से अघोषित कटौती से ग्रामीण परेशान है। कटौती के कारण न तो खेती हो पा रही है, न ही अन्य कार्य। जो बिजली मिल भी रही है, लो-वोल्टेज के कारण ग्रामीण उसका भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार सब स्टेशन पर इसकी शिकायत की। लेकिन सुनवाई न होने पर शुक्रवार को नाराज ग्रामीण अरुण कुमार मिश्र के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचे और मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंप अपनी समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही अघोषित विद्युत कटौती पर लगाम लगाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान मृत्युंजय तिवारी, प्रवेश मौर्य, खेलाड़ी, राकेश तिवारी, मोती, राकेश सिंह, नितेश, अशोक तिवारी, रोहित चौहान, आशीष तिवारी, लालमन यादव, विपिन सिंह, रमेश यादव आदि ग्रामीण मौजूद रहे।