आजमगढ़। नवागत मंडलायुक्त के रविंद्र नायक ने बुधवार को मंडलायुक्त सभागार में पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जनता के द्वार तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाना प्राथमिकता होगी। शिकायतों/समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निस्तारण किया जाएगा।
नवागत मंडलायुक्त वर्ष 1995 के बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इसके पूर्व वह उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त एवं ग्राम विकास आयुक्त, गोरखपुर और बरेली के मंडलायुक्त रहने के साथ कई जिलों में जिलाधिकारी रह चुके हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों से कानून व्यवस्था, बाढ़, मुकदमों के निस्तारण के संबंध में जानकारी लिया। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी कि शिकायतों और समस्याओं को लेकर लोगों को लखनऊ न जाना पड़े।
इस मौके पर जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह, अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त हीरालाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवकुश त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक अभियोजन वेद प्रकाश वर्मा, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या राजाराम यादव, प्रशासनिक अधिकारी दीपचंद आदि ने उनसे मुलाकात की। कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंडलायुक्त ने कार्यालय और कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की साफ-सफाई के साथ ही वाटर कूलर की सर्विसिंग कराने का निर्देश दिया।