आजमगढ़। कोरोना के कारण लोग यात्रा पर निकलने से कतरा रहे हैं। कइयों ने पहले से तय यात्राएं रद्द कर दी हैं। ट्रेन में रोजाना टिकट कैंसिल कराए जा रहे हैं। रोजाना औसतन 50-60 टिकट कैंसिल हो रहे हैं। होली के बाद से इसमें तेजी से इजाफा हुआ है। यात्रियों की संख्या घटने के कारण रेलवे विभाग को भी चपत लग रही है। आजमगढ़ रेलवे स्टेशन से विगत एक सप्ताह के भीतर 400 से अधिक यात्रियों ने अपना टिकट निरस्त कराया है।
आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर पिछले एक के सप्ताह के भीतर वापस किए टिकट पर नजर डाली जाए तो दर्जनों यात्रियों ने टिकट वापस कर अपनी यात्रा को रद्द किया। आरक्षण खिड़की पर तैनात कर्मचारियों के अनुसार आजमगढ़ आदर्श रेलवे स्टेशन, सरायमीर, खुरासन रोड रेलवे स्टेशन पर मुंबई, दिल्ली व सूरत को जाने वाली ट्रेनों के टिकट वापस करने के लिए रोजाना भीड़ लग रही है। कोरोना का दहशत इस तरह से बना हुआ है कि लोग अपने देश के ही दूसरे हिस्से में जाने से घबरा रहे हैं। आरक्षण निरस्त होने के कारण ट्रेनों में भी सीटें खाली जा रही है।
स्टेशन पर बरती जा रही सतर्कता
आजमगढ़। आदर्श रेलवे के अधीक्षक डीबी सिंह का कहना है कि स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो इसे देखते हुए प्रतीक्षालय के साथ प्लेटफार्म की नियमित सफाई कराने के साथ सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। रेलवे विभाग की ओर से जागरुकता के लिए जगह-जगह बैनर लगाया गया है।