आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर से प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत 342322 लाभार्थियों को आवास निर्माण की प्रथम, द्वितीय और तृतीय किस्त के रूप में 2409 करोड़ की धनराशि आनलाइन ट्रांसफर की। इस दौरान वाराणसी, अयोध्या, गाजियाबाद, सहारनपुर और मथुरा लाभार्थियों से बातचीत भी की। कहा कि आवास का पैसाघर बनाने में ही लगाएं। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर भी ध्यान दें। आजमगढ़ के 779 लाभार्थियों के खाते में 4.59 करोड़ की धनराशि भेजी गई।
डीएम राजेश कुमार और एडीएम प्रशासन नरेन्द्र सिंह की उपस्थिति में 170 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के 85 लाख, 70 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त के 105 लाख और 539 लाभार्थियों को तृतीय किस्त के 269.50 लाख रुपये भेजे गए। कुल 779 लाभार्थियों को 459.50 लाख ऑनलाइन हस्तांतरण किए गए। जिलाधिकारी ने प्रतीकात्मक रूप से चन्द्रमी देवी हरबंशपुर, हीरावती हरबंश्पुर, मरियम सिधारी, राजमती यादव सर्फुद्दीनपुर और सुभावती देवी पुराजोधी को आवास पूर्ण होने पर आवास की चाभी प्रदान की। मीना भारती सिधारी पूर्वी, उषा मद्धेशिया सर्फुद्दीनपुर, सुनीता सर्फुद्दीनपुर, सबिता यादव सर्फुद्दीनपुर, बदामी देवी हरबंशपुर को स्वीकृति पत्र दिया गया। डीएम ने बताया कि जनपद आजमगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत प्रथम किस्त 50000, द्वितीय किस्त 150000 और तृतीय किस्त 50000 रुपये दिए जाते हैं। परियोजना अधिकारी डूडा अरविन्द कुमार पाण्डेय आदि थे।
निकायों में भी हुए कार्यक्रम
अंबारी/मबारकपुर/सरायमीर। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर पंचायत माहुल में अधिशासी अधिकारी दिनेश चंद्र आर्य की उपस्थिति में टेलीविजन के माध्यम से सजीव प्रसारण देखा गया। योजना का लाभ पा चुकी ंवार्ड 10 निवासी शनिचरा देवी ने बताया की पहले इनके पास मकान नहीं था। मंडई में जीवन यापन करती थीं। ठंडी और बरसात में काफी दिक्कत होती थी। योजना का लाभ मिल जाने से आज इनके पास पक्का मकान हो गया है। सभासद ओमप्रकाश बिंद, सोनू यादव, खोजमन यादव ,चंद्रभान सहित दर्जनों लाभार्थी मौजूद रहे। मुबारकपुर नगरपालिका कार्यालय सभागार में डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से लाइव टेलीकॉस्ट दिखाया गया। ईओ राजपति अविचल, राजन चौधरी, रागिब मसऊद, मोनू सिंह, दीपक, संदीप, अतुल कुमार, हाजी इफ्तेखार अहमद, फैजान अहमद, नियाज अहमद, इम्तेयाज हुसैन, जावेद मौजूद थे। नगर पंचायत सरायमीर में भी आयोजन हुआ। ईओ रंग बहादुर सिंह, सुभाष चंद यादव,अशोक कुमार, रामानंद यादव, दीपचंद यादव, लौटन यादव, कंप्यूटर राम प्रसाद मौर्य थे।