आजमगढ़। शासन के निर्देश पर डीएम राजेेश कुमार द्वारा कृषि रक्षा रसायन की दुकानों पर छापामारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया। इस टीम ने गुरुवार को जनपद में 27 दुकानों से 32 नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए फारेंसिक लैब भेजा।
डीएम द्वारा गठित पहली टीम में जिला कृषि रक्षा अधिकारी सुधीर कुमार और एआर कोआपरेटिव रामकिंकर शामिल थे। इस टीम नें मेंहनगर और लालगंज में 15 दुकानों पर छापामारी कर 15 नमूने जुटाए। वहीं दूसरी टीम में जिला कृषि अधिकारी डा. उमेश कुमार गुप्ता और जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल शामिल थे। इस टीम ने शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में स्थापित कृषि रक्षा रसायन की 12 दुकानों पर छापा मारकर 17 नमूने जुटाए। इस दौरान दूसरी टीम ने डाल्फिन एग्रो सीड नरौली, दानिश बीज भंडार नरौली, दरवेश सीड स्टोर कचहरी, आदर्श बीज भंडार रोडवेज, सागर बीज भंडार बेलइसा, शक्तिमान एग्री सेंटर बेलइसा आदि दुकानों पर छापामारी की गई। इस दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए फोरेंसिंक लैब भेज दिया गया। जिला कृषि अधिकारी डा. उमेश गुप्ता ने बताया कि डीएम के निर्देश पर यह छापामारी की गई। फोरेंसिक लैब से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।