आजमगढ़। अप्रैल महीने की शुरूआत में ही सूर्य की किरणें बदन को झुलसाने लगी हैं। मौसम की तल्खी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। लू के थपेड़ों से आम जनमानस का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा होने लगा है।
मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को मौसम का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह आठ बजे के बाद से ही गर्मी का एहसास होने लग रहा है। 11 बजते-बजते घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण ज्यादातर लोगों ने घरों में रहने में ही भलाई समझी। जो घरों से निकला वह गला तर करने के लिए पानी की तलाश करता नजर आया। दोपहर होते-होतेे सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। इन सबके बीच बिजली ने भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बिजली के जाने और आने का समय ही निश्चित नहीं रह गया है। इस वजह से न तो घर में चैन मिल रहा है और ना ही बाहर। तीखी धूप के साथ चल रहे लू के थपेड़े लोगों को और बेहाल कर दिया है। लू के कारण सबसे परेशानी दो पहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। शाम को दिन ढलने के बाद कुछ राहत हो रही है लेकिन मच्छरों के प्रकोप के कारण घरों में बैठना भी दूभर हो गया है। नगरपालिका की ओर से अभी तक फॉगिंग भी नहीं कराई गई है। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घर से निकलें तो रहें सावधान
जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. राजनाथ ने कहा कि अगर जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें। अगर निकलें तो पूरे शरीर को ढंक कर रखे। घर से भरपूर पानी पीकर निकलें। तली भूनी चीजों को खाने से परहेज करें और जहां तक हो सके तरल और ताजे खाने का सेवन करें।