आजमगढ़। कमिश्नर जगतराज ने बताया कि शासन की ओर से संचालित योजनाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक पारदर्शी बनाएं। सोशल मीडिया विभागीय कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सुगम और प्रभावशाली है। कमिश्नर गुरुवार को सभागार में हुई मंडलीय ई-गवर्नेन्स कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के किसी भी ग्रुप या एकाउंट में निरर्थक और फालतू वीडियो, फोटो, लेख, डाक्यूमेंट आदि फार्वर्ड न करें। फेसबुक, यूट्यूब, व्हाट्अप, ट्विटर, इन्स्टाग्राम आदि के माध्यम से समाज को जोड़ें। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य योजनाओं के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन में सुगमता लाना और नागरिकों तक सेवाएं सुगमतापूर्वक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। कमिश्नर जगत राज ने कहा कि सोशल मीडिया पर एकाउंट बनाएं तो उस पर अपनी पूरी जानकारी फीड करें। सेन्टर फार ई-गवर्नेन्स के प्रतिनिधित मेराज अहमद खां और ऋचा सिंह ने सोशल मीडिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सीएम हेल्पलाइन के बारे में बताया। अर्पित ने बताया कि इस हेल्पलाइन की मदद से जन सामान्य की पहुंच सीधे शासन एवं प्रशासन के सभी स्तरों तक सुगम होती है। हेल्पलाइन का नम्बर 1076 है। एसपी यातायात मुहम्मद तारिक, उप निदेशक पंचायती राज जयदीप त्रिपाठी, उप निदेशक समाज कल्याण सुरेशचन्द्र, अपर निदेशक अभियोजन ओम नारायण विश्वकर्मा, सचिव विकास प्राधिकरण उपस्थित थे।