आजमगढ़। गेहूं खरीद के लिए जनपद में केंद्रों का निर्धारण हो चुका है और साथ में व्यवस्था पूरी करने का दावा भी किया गया है। खरीद में महिला किसानों को वरीयता दी जाएगी।
गेहूं खरीद के लिए खाद्य विभाग, पीसीएफ, यूपी एग्रो, कर्मचारी कल्याण निगम और भारतीय खाद्य निगम के कुल 61 क्रय केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। जनपद को कुल 63900 एमटी गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया है। केंद्रों पर पहुंचने वाली महिला किसानों को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। बिना टोकन के ही उनका गेहूं खरीदा जाएगा। सीमांत किसानों को प्राथमिकता देकर खरीद की जाएगी। डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल ने बताया कि जो किसान ने धान खरीद में पंजीकरण करा चुके हैं, उन्हें पंजीकरण की जरुरत नहीं होगी। उनकी खरीद पुराने पंजीकरण पर ही की जाएगी। अन्य किसानों के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। बिना पंजीकरण के किसी से गेहूं की खरीद नहीं की जाएगी। शासन की ओर से इस बार कामन गेहूं का समर्थन मूल्य 1735 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। समर्थन मूल्य के अतिरिक्त किसानों को उतराई, छनाई-सफाई के लिए 10 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान किया जाएगा। किसानों से गेहूं की साफकर और सुखाकर केंद्र पर लाने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की शिकायत और सुझाव के लिए टोल फ्री नंबर 18001800150 पर संपर्क किया जा सकता है। किसानों को फसल की भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से किया जाएगा।
गेहूं खरीद के लिए सभी केंद्रों पर तैयारियां पूरी तर ली गई हैं। किसान जल्द से जल्द अपनी फसल देने के लिए विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण करा लें। सभी किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा। किसी को भी लौटाया नहीं जाएगा। किसान गेंहू को साफ और सुखाकर केंद्र पर ले आएं। महिलाओं और सीमांत किसानों को वरीयता दी जाएगी। -आरपी पटेल, डिप्टी आरएमओ
पहले दिन नहीं पहुंचा एक भी किसान
एक अप्रैल से जनपद में गेहूं खरीद की औपचारिक रूप से शुरुआत हो गई। हालांकि पहले दिन रविवार की छुट्टी के कारण और गेहूं अभी तैयार नहीं होने से कोई किसान केंद्र पर गेहूं लेकर नहीं पहुंचा। शुक्रवार शाम को आई आंधी के कारण भी किसान केंद्र पर ले जाने के लिए फसल तैयार नहीं कर पाएं हैं। एक-दो दिन में केंद्रों पर गेहूं पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल ने रविवार को अतरौलिया, बूढ़नपुर आदि क्षेत्र के कई केंद्रों की निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकतर केंद्रों पर खरीद संबंधी सभी तैयारियां पूरी करने का दावा किया गया है।