आजमगढ़। हाल ही में नगरपालिका के आठ वार्डों की सफाई के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाईकर्मी उपलब्ध कराने के लिए हुए टेंडर को लेकर रार उत्पन्न हो गई है। नगर पालिका अध्यक्ष शीला श्रीवास्तव टेंडर को निरस्त करने की बात कर रही हैं, वहीं नगर पालिका के ईओ का चार्ज संभाल रहे एसडीएम सदर प्रशांत कुमार इसी टेंडर को आगे बढ़ाने की बात कर रहे हैं।
नगर पालिका के आठ वार्डों की सफाई के लिए शासन की ओर से आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई कर्मी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया था। इस क्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष के कार्यकाल में 90 सफाईकर्मियों का ठेका अजय सिंह को मिला। लेकिन जिलाधिकारी ने सफाई व्यवस्था में अनियमितता मिलने पर उनके खिलाफ जांच बिठा दी। इसके बाद उनके ठेके को निरस्त कर दिया गया। इसके बाद नगरपालिका में नई सरकार बनने के बाद 90 सफाई कर्मियों के लिए ई-टेंडरिंग के जरिए ठेका आवंटन कराया गया। जिसमें तीन लोगों ने हिस्सा लिया। इसमें जनपद के ठेकेदार संतोष सिंह को सफाईकर्मी उपलब्ध कराने का ठेका मिला। लेकिन अब इसी ठेके को लेकर रार शुरू हो गई है। पालिकाध्यक्ष उक्त ठेके को निरस्त कर दोबारा ठेका कराना चाहती हैं। तो नगर पालिका के ईओ का चार्ज संभाल रहे एसडीएम सदर ठेके को सही मानकर इसे ही आगे बढ़ाने की बात कह रहे हैं। इन सबके बीच ठेका पाए ठेकेदार की सांस अटकी हुई है। सूत्रों की मानें तो ठेका निरस्त होते ही ठेकेदार भी हाईकोर्ट जाने की तैयारी में है।
00000000
यह ठेका ई-टेंडरिंग के माध्यम से पारदर्शिता पूर्वक कराया गया है। इसमें किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं है। इसलिए इसे निरस्त करने का कोई सवाल ही नहीं है। हम तो इसे ही आगेे बढ़ाएंगे।
प्रशांत कुमार भारती, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका और एसडीएम सदर।
000000000
ठेके कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बात थी। इसके लिए पूर्व अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह को अवगत कराया गया था। बिना हमारी मौजूदगी में ही टेंडर को खोला गया जिसके कारण इसे निरस्त किया जा रहा है।
शीला श्रीवास्तव, नगरपालिका अध्यक्ष आजमगढ़।