आजमगढ़। रक्षाबंधन पर्व को लेकर शनिवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में बच्चों के बीच राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक राखियां बनाई। इस दौरान सबसे अच्छी राखी बनाने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
एलवल स्थित सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में राखी प्रतियोगिता में प्रत्येक हाउस के 25-25 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने बेकार सामान से राखियां बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि नारी शक्ति संस्थान की सचिव डा. पूनम तिवारी, संस्थान की कोषाध्यक्ष रश्मि डालमियां तथा प्रद्युम्न जायसवाल ने बच्चों द्वारा बनाई गई राखियों का अवलोकन किया। इसमें रेड हाउस प्रथम, ब्लू हाउस ने द्वितीय और ग्रीन हाउस ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी क्रम में प्रीमियर पब्लिक स्कूल में राखी मेकिंग प्रतियोगिता हुई। इस दौरान बच्चों ने आकर्षक राखियां बनाई। लालगंज संवाददाता के अनुसार ब्रायो वर्ल्ड एकेडमी में रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। बालिकाओं ने बालकों के हाथ पर राखी बांधकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान विद्यालय के चार हाउस ब्लू, ग्रीन, रेड और ऐलो हाउस के बीच राखी मेकिंग प्रतियोगिता हुई। जहानागंज संवाददाता के अनुसार पूर्वमाध्यमिक विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में 45 छात्राओं ने हिस्सा लिया। विजेताओं को ब्लाकमंत्री शिवप्रकाश चौबे ने पुरस्कृत किया। इसी क्रम में अभिलासन स्थित श्रीबाबा युगलबीर कान्वेंट स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस की टीम विजेता रही। प्रधानाचार्य योगेंद्र यादव ने पुरस्कार वितरित किया। इसी क्रम में धनहुआ स्थित एसकेडी विद्या मंदिर में छात्राओं ने प्राकृतिक संसाधनों से राखियां बनाई। बाद में छात्रों को राखियां बांधी। इस अवसर पर प्रिंसिपल केके सरन, ओम प्रकाश, सूर्य कुमार, अनंत रणधीर आदि उपस्थित थे।
छात्राओं ने रक्षासूत्र बांधा, छात्रों ने लिया रक्षा का संकल्प
अहरौला (ब्यूरो)। फुलवरिया स्थित सरस्वती शिशुमंदिर में शनिवार को रक्षा सूत्र कार्यक्रम में छात्राओं ने छात्रों और शिक्षकों को रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान छात्रों ने भी छात्राओं की रक्षा का संकल्प लिया। सोनम, नीतू गुप्ता, अर्चना शुक्ला, अंजू राय, पूजा कसवधन सहित स्कूल की छात्राओं ने स्कूल के शिक्षक व छात्रों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। संस्थान के अध्यक्ष धर्मराज त्रिपाठी ने कहा कि इस कार्यक्रम से एक संस्कार पैदा होगा जो बहन भाई के पवित्र बंधन का स्मरण कराएगा। इस मौके आचार्य विनोद यादव, अनिल, अमित, संदीप मिश्रा, कृष्ण कुमार, सतीश सिंह, अमित आदि मौजूद रहे।
बनाई मनमोहक राखी
बूढनपुर।आरडी ग्लोबल पब्लिक स्कूल वाजिदपुर कप्तानगंज में बच्चियों ने मनमोहक राखी बनाई। प्रबधंक डा. राजीव सिंह ने छात्राओं के प्रयास की सराहना की। व्यवस्थापक अलका ने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व के बारे में बताते हुए कहा कि भाई बहन के अटूट रिश्ते को हमेशा बनाए रखें। इस मौके पर सुनील तिवारी, राजेश सिंह, सक्षम आदि मौजूद रह्रे।