विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को दुर्गा प्रसाद यादव, संग्राम यादव और नफीस अहमद समेत 28 ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं 56 लोगों ने 92 नामांकन पत्र खरीदे।
नामांकन का कार्य कलेक्ट्रेट और तहसील में चल रहा है। सोमवार को विभिन्न पार्टियों के कुल 28 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमें अतरौलिया विधानसभा सीट से निषाद पार्टी के प्रशांत कुमार सिंह, सपा के संग्राम यादव ने नामांकन दाखिल किया। गोपालपुर विधानसभा सीट से भाजपा के सत्येंद्र राय और सपा के नफीस अहमद ने नामांकन पत्र दाखिल किया। सगड़ी विधानसभा सीट से भाजपा की वंदना सिंह और बहुजन मुक्ति पार्टी के अभिमन्यु ने नामांकन भरा। मुबारकपुर विधानसभा सीट से सपा के अखिलेश यादव और कांग्रेस के अब्दुस्सलाम, आजमगढ़ सदर सीट से भाजपा के अखिलेश मिश्रा गुड्डू, सपा के दुर्गा प्रसाद यादव और निर्दल प्रत्याशी राजीव कुमार सिंह ने नामांकन दाखिल किया। निजामाबाद विधानसभा सीट से भाजपा के मनोज यादव, बसपा के डॉ. पीयूष कुमार सिंह यादव, बहुजन मुक्ति पार्टी से मो. अरशद, सीपीआई से जितेंद्र हरि पांडेय, सपा से आलमबदी, कांग्रेस से अनिल कुमार यादव ने नामांकन किया।
फूलपुर पवई विधानसभा सीट से बसपा के शकील अहमद और निर्दल प्रत्याशी संजय ने नामांकन पत्र भरा। दीदारगंज विधानसभा सीट से बसपा से भूपेंद्र सिंह मुन्ना, सपा से कमलाकांत राजभर, भाजपा से डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा और पीपुल्स पार्टी आफ इंडिया से महेंद्र प्रसाद बिंद ने नामांकन भरा। लालगंज विधानसभा सीट से सपा के बेचई सरोज, भाजपा की नीलम सोनकर, बसपा के आजाद अरिमर्दन और निर्दल प्रत्याशी रामचंदर, मेंहनगर विधानसभा सीट से भाजपा की मंजू सरोज ने इकलौता नामांकन दाखिल किया।
मेंहनगर में सपा के नाम पर चार लोगों ने खरीदे नामांकन पत्र
आजमगढ़। सोमवार को जहां नामांकन करने वालों की भीड़ रही। वहीं नामांकन पत्र खरीदने वाले भी दो दिनों की अपेक्षा अधिक रहे। इस दौरान 56 लोगों ने 92 नामांकन पत्रों की खरीद की। सबसे बड़ी बात यह रही कि मेंहनगर विधानसभा सीट के लिए चार लोगों ने सपा के नाम पर नौ नामांकन पत्र खरीदे। नामांकन पत्र खरीदने वालों में पूर्व विधायक बृजलाल सोनकर, विद्या चौधरी, प्रकाश प्रसाद और रामजग शामिल रहे।