आजमगढ़। प्रयागराज से संगम का 2500 लीटर अमृत जल टैंकर से आजमगढ़ पहुंचा है। फायर ब्रिगेड की टीम टैंकर से यह जल लेकर पहुंची है। जो व्यक्ति किन्ही कारणों से महाकुंभ में डुबकी नहीं लगा पाए, उनके लिए प्रदेश सरकार महाकुंभ का अमृत जल उनके पास पहुंचा रही है।
महाकुंभ में प्रयागराज ड्यूटी पर तैनात आजमगढ़ जिले के फायर टेंडर दल अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद पवित्र संगम का अमृत जल लेकर जनपद लौटा। सबसे पहले अमृत जल के वितरण कार्यक्रम का एसएसपी हेमराज मीणा ने श्रद्धा और पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया।
इसके बाद श्रद्धालुओं को जल वितरित किया गया। पुलिस लाइन में अग्निशमन विभाग के कर्मचारी निशुल्क गंगा जल उपलब्ध करा रहे हैं।
एसएसपी ने बताया कि डेढ़ महीने चले महाकुंभ के दौरान 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम की पवित्र त्रिवेणी में डुबकी लगाई, लेकिन जो लोग किन्हीं कारणवश प्रयागराज नहीं पहुंच पाए, उन लोगों के लिए प्रयागराज का गंगा जल प्रदेश के सभी जिलों में पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेंद्र लाल, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर अनंत चंद्रशेखर, सहायक पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी लालगंज शुभम अग्रवाल व क्षेत्राधिकारी नगर गौरव शर्मा उपस्थित थे।