मेंहनगर। बरदह और मेंहनगर थाना पुलिस ने सोमवार की तड़के संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेंहनगर के करौती पुलिया के समीप मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली से बदमाश घायल भी हो गया। वहीं बदमाश की तरफ से की गई फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हुआ है। घायल बदमाश के पास से पुलिस ने पिस्टल, कारतूस व चोरी की बाइक बरामद किया है। पकड़ा गया बदमाश शातिर अपराधी है और उस पर आजमगढ़ के साथ ही अंबेडकरनगर जिले के विभिन्न थानों में 14 मुकदमे पंजीकृत हैं।
मुखबिर की सूचना पर बरदह इंस्पेक्टर विनोद कुमार और मेंहनगर प्रभारी निरीक्षक प्रशांत श्रीवास्तव सोमवार की भोर में पौने चार बजे करौती गांव स्थित पुलिया के पास घेराबंदी कर खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश को आते देख रोकने का प्रयास किया। पुलिस की घेराबंदी देख बदमाश भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिस को लक्ष्य कर फायर भी झोंक दिया। गोली आरक्षी संदीप शर्मा को लगी और वह घायल हो कर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें बदमाश भी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश विवेक कुमार उर्फ मिंटू पुत्र जयप्रकाश ग्राम हुसेपुर (रामजियावनपुर) थाना महराजगंज का निवासी है। पुलिस ने मौके से पिस्टल, कारतूस व चोरी की बाइक बरामद किया। घायल बदमाश व सिपाही को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी मेंहनगर ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मठभेड़ में घायल होने के बाद पकड़ा गया बदमाश शातिर अपराधी है। उस पर आजमगढ़ के साथ ही पड़ोसी जिले अंबेडकरनगर के विभिन्न थानों में 14 मुकदमे पंजीकृत है। वह जीयनपुर कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमा में भी वांछित चल रहा था। एसपी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया की किराए पर हत्या के साथ लूट, डकैती आदि घटनाओं को भी पकड़ा गया अपराधी अंजाम देता था।