आजमगढ़। डीएम शिवाकान्त द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को क्रियान्वित करने के संबंध में बैठक हुई। उन्होंने बताया कि योजना में लघु एवं सीमान्त किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से देने हैं। धनराशि चार-चार महीने के अन्तराल में दो हजार की तीन समान किश्तों में प्रदान की जाएगी। एक दिसंबर से 31 मार्च 2019 की समयावधि के लिए दो हजार की किश्त हस्तानांतरित की जानी है। उन्होंने कहा कि राजस्व ग्रामवार भूलेख से किसानों की सूची निकाल ली जाए और प्रत्येक राजस्व ग्राम में लघु एवं सीमान्त किसानों को भूमि के क्षेत्रफल के आधार पर चिह्नित किया जाए। पारदर्शी किसान योजना पोर्टल से भी राजस्व ग्रामवार लघु एवं सीमान्त किसानों की सूची निकाली जाएगी। इसका मिलान भूलेख की सूची से किया जाएगा। छह से 11 फरवरी के मध्य सभी राजस्व ग्रामों का भ्रमण एवं सर्वेक्षण किया जाएगा। टीम द्वारा सत्यापित किए गए आंकड़ों को जिला स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा। सत्यापित डाटा को डिजिटाइज्ड करने और अपलोड करने की कार्यवाही जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के पर्यवेक्षण में की जाएगा। संयुक्त खाता होने की स्थिति में प्रत्येक किसान परिवार के भूमि की गणना पृथक-पृथक की जाएगी।
बेसहारा पशु आश्रय स्थल की समीक्षा
आजमगढ़। निराश्रित एवं बेसहारा पशुओं के संरक्षण के लिए बनाई जा रही अस्थाई की प्रगति की समीक्षा ब्लाकवार की गई। कहा कि संरक्षण के लिए ग्राम स्तरीय गो-संरक्षण समिति का गठन किया जाएगा। इसमें प्रधान, पूर्व प्रधान, मेंबर को कार्यकारिणी में रखा जाए। प्रत्येक ब्लाक में तीन पशुचर बनने हैं। पशुचर पर सुरक्षा खाई, पानी, चरही आदि की व्यवस्था जल्द से जल्द कराना सुनिश्चित करें। एसडीएम को निर्देशित किया कि बीडीओ से सूची प्राप्त कर रिपोर्ट जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं। सीडीओ डीएस उपाध्याय, पीडी अभिमन्यु सिंह, डीडीओ रवि शंकर राय, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, डीसी मनरेगा वीवी सिंह, डीडी कृषि डॉ. आरके मौर्य, जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश कुमार गुप्ता, सभी एशडीएम, बीडीओ सहित अन्य जिला स्तरीय अधिाकारी उपस्थित रहे।