आजमगढ़। नगर पालिका क्षेत्र में प्रचार के लिए लगने वाले होर्डिंग आदि से शुल्क वसूली के लिए नपा प्रशासन ने बालाजी कांट्रेक्टर को ठेका दिया है। इस ठेकेदार पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए पूर्व सभासद के नेतृत्व में कई वर्तमान सभासदों ने बुधवार को एसडीएम सदर को पत्रक दिया।
पूर्व सभासद मुखराम निषाद के पास एक सिमेंट कंपनी के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी है। जिसके लिए वे अपना एक वाहन लगा रखे है। इस वाहन पर कंपनी की छोटी होर्डिंग लगी हुई है। पूर्व सभासद का कहना है कंपनी के प्रचार में लगा उनका वाहन सिर्फ रात में खड़ा होने के लिए नगर क्षेत्र में आता है। बाकी समय नपा क्षेत्र की सीमा से बाहर ही प्रचार-प्रसार में रहता है। इसके बाद भी नपा के ठेकेदार द्वारा उनसे जबरन पांच हजार रुपये प्रति माह की दर से वसूली के लिए नोटिस दी गई है। इतना ही नहीं चेयरमैन व ईओ के शह पर ठेकेदार के लोगों ने उसके वाहन में तोड़-फोड़ करने के साथ ही उस पर लगे कंपनी के होर्डिंग आदि को भी नुकसान पहुंचाया है। पीड़ित का आरोप है कि नपा प्रशासन से शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उसने एसडीएम से जांच करा कर अवैध वसूली में जुटे ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस अवसर पर सभासद मिथुन निषाद, रवि प्रकाश यादव, अंजली सोनकर, तारिक फैसल, शकीला बानो, प्रेमचंद यादव, राजकुमार, पुरुषोत्तम सिंह, रीता देवी आदि मौजूद रहे।
जो शासन से निर्धारित रेट है वहीं हम वसूल रहे है। नपा द्वारा इस कार्य के लिए बकायदा जिम्मेदारी दी गई है। इस कार्य के लिए 50 लाख का टेंडर हुआ है। शासनादेश के अनुरूप होर्डिंग का ढाई हजार प्रति माह, पोल होर्डिंग का एक हजार रुपये प्रतिमाह व मैजिक, बोलेरो आदि वाहन पर लगे होर्डिंग का प्रति माह शुल्क पांच हजार रुपये निर्धारित है। इसके साथ जीएसटी जोड़ कर संबंधित को रसीद भी उपलब्ध कराई जाती है।
कौशलेंद्र सिंह, ठेकेदार, नपा आजमगढ़।