बिंद्राबाजार। ब्लाक मुहम्मदपुर के केपीएस स्कूल मुहम्मदपुर में मंगलवार को खसरा और रूबेला का टीकाकरण करने के लिए स्कूल में टीम पहुंची। लेकिन प्रधानाचार्य ने बिना अभिभावकों से पूछे बच्चों को टीका लगाने से इंकार कर दिया। खालिद पब्लिक स्कूल मुहम्मदपुर में कक्षा एक से आठ तक के पढने वालों बच्चों का टीकाकरण करने के लिए मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम विद्यालय पहुंची। प्रिंसिपल अदील अहमद ने बताया कि प्रबंधक अभी बाहर हैं और हम बगैर अभिभावकों के सूचित किए टीकाकरण नहीं करवा सकते। टीम की सदस्य सीमा देवी आशा ने बताया कि दो दिन पूर्व ही आपको सूचना कार्ड दिया गया था। तो प्रिंसिपल ने कहा कि सिर्फ 100 कार्ड ही मिले थे जबकि लगभग 650 बच्चे हैं। हमें लगभग 600 कार्ड की आवश्यकता है। अंतत: टीकाकरण टीम और प्रधानाचार्य के बीच यह तय हुआ कि 20 दिसंबर को पुन: टीका लगेगा। इसके लिए अभिभावकों को सूचित करने वाला 500 कार्ड विद्यालय के प्रिंसिपल को टीम ने पुन: दिया और टीकाकरण करने गई टीम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर पर वापस आई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर ने टीकाकरण टीम को पुन: प्राथमिक विद्यालय जाफरपुर में टीकाकरण करने के लिए भेज दिया और बताया कि टीकाकरण के दूसरे दिन कुल 16 टीम क्षेत्र में रवाना हुई और 16 स्थानों पर टीकाकरण किया। टीम ने इस दौरान 2225 बच्चों को टीका लगाया।