आजमगढ़/सरायमीर। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ महामंत्री हुजैफा आमिर का सोमवार को जिले में आगमन पर जोरदार स्वागत हुआ। शिब्ली पीजी कालेज छात्रसंघ द्वारा शहर में रोड-शो निकाला गया तो वहीं महाविद्यालय परिसर में स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
एएमयू के नर्वनिर्वाचित महामंत्री हुजैफा आमिर जिले के ही रहने वाले है। छात्रसंघ महामंत्री पद पर निर्वाचित होने पर सोमवार को उनका जिले में आगमन हुआ। जिले में पहुंचने पर शिब्ली पीजी कालेज छात्रसंघ अध्यक्ष कमर कमाल के नेतृत्व में छात्रों के हुजूम ने उनका स्वागत किया और फिर रोड-शो करते हुए छात्रों का काफिला शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शिब्ली पीजी कालेज पहुंचा। भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर शिब्ली कालेज छात्रसंघ द्वारा एएमयू के महामंत्री का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर हुजैफा आमिर ने कहा कि बिना शिक्षा के कुछ भी नहीं मिल सकता। ऐसे में सभी नौजवान व युवा शिक्षा अवश्य ग्रहण करें। जब हम शिक्षित होंगे तो कोई भी हमारे रास्ते में बाधक नहीं बन सकेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रसंघ पदाधिकारी बनने के बाद विश्वविद्यालय के नियम कानून के तहत सभी छात्रों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाऊंगा।
इस अवसर पर मिर्जा शाने आलम बेग, नबी उस्मानी, नुरूल होदा, कमर कमाल, राबिश शेख, शहबाज, लालजीत, पप्पू यादव, दुर्गेश यादव, अभिषेक सिंह समेत काफी संख्या में छात्र मौजूद रहे। सरायमीर संवाददाता के अनुसार अलीगढ़ से जिले में आने के दौरान एएमयू के महामंत्री हुजैफा आमिर का सरायमीर, संजरपुर, फूलपुर, अंबारी आदि बाजारों में भी जोरदार स्वागत हुआ। ओलमा कौंसिल के कार्यकर्ताओं ने महामंत्री को फूलमालाओं से लाद दिया।