आजमगढ़। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन ने रणनीति तैयार की है। इसके तहत जिले के 11 मार्गो पर रोडवेज बसों के संचालन का निर्णय लिया गया है। चिन्हित मार्गो पर बसों का संचालन शुरू करने का फरमान भी रोडवेज प्रशासन के पास पहुंच चुका है। जिस पर जल्द कवायद शुरू होगी।
जिले के कई ग्रामीण मार्गो पर परिवहन की सरकारी व्यवस्था नहीं है। डग्गामार वाहन और आटो-जीप वाले इक्का-दुक्का जरूर चलते है, लेकिन इनके द्वारा यात्रियों का जबरदस्त आर्थिक शोषण किया जाता है। लोगों ने रोडवेज बस सेवा शुरू किये जाने की कई बार शासन-प्रशासन से मांग भी किया। इसी को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश सरकार ने जिले के 11 ग्रामीण मार्गो पर रोडवेज की बसे चलाये जाने का निर्णय लिया है। शासन द्वारा चिन्हित किये गये मार्गो में जिवली वाया देवगांव-मेहनाजपुर-औडिहार मार्ग, आजमगढ़ वाया खादा-माहुल-बेलवई मार्ग, आजमगढ़ वाया मिर्जापुर-माहुल-बेलवई मार्ग, आजमगढ़ वाया छातवारा-देवईत-मेंहनगर, जिगनी-पल्हना-मेंहनाजपुर मार्ग, मेहनाजपुर-चिरैयाकोट मार्ग, आजमगढ़ वाया रानी की सराय-जौनपुर मार्ग, मुबारकपुर वाया जीयनपुर-बिलरियागंज-महराजगंज मार्ग, बूढनपुर वाया दीदारगंज-बरदह मार्ग शामिल है। इन मार्गो पर रोडवेज बसो का संचालन न होने से ग्रा्मीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। शासन के इस फरमान पर अभी अमली जामा तो नहीं पहनाया गया है, लेकिन रोडवेज प्रशासन कवायद में जुटा हुआ है। शासन अधिक से अधिक ग्रामों को रोडवेज सेवा से जोडना चाहता है। इसी के तहत शासनादेश भी प्राप्त हो चुका है। जल्द ही बसों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
धर्मेंद्र सिंह यादव, आरएम-रोडवेज, आजमगढ़।