आजमगढ़। शनिवार को सभी थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पवई और फूलपुर थाने पहुंचकर डीआईजी विजय भूषण ने तो मुबारकपुर और सिधारी थाने पर एसपीसिटी सुभाष चंद्र गंगवार ने लोगों की समस्याएं सुनी। जबकि एडीएम प्रशासन लवकुश कुमार त्रिपाठी ने जहानागंज थाने पहुंचकर आमजन की समस्याओं से अवगत हुए। साथ ही प्राथमिकता के आधार पर उसके निस्तारण का निर्देश दिया।
पवई थाने पर डीआईजी विजय भूषण ने मातहतों से कहा कि समाधान दिवस पर वहीं लोग शिकायत करते हैं, जो बहुत ही पीड़ित और परेशान होते हैं। ऐसे में इनकी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस दौरान डीआईजी के समक्ष पवई थाना क्षेत्र के कुल 15 लोग उपस्थित होकर शिकायत किए। जिसमें से दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को सौंप दिया गया। वहीं फूलपुर कोतवाली पहुंचकर डीआईजी ने जनशिकायतों सहित अन्य मामलों की कोतवाल से विधिवत जानकारी ली। साथ ही खामियों को दूर करने का निर्देश दिया। फूलपुर में कुल पांच मामले प्रस्तुत हुए। सभी का निस्तारण कर दिया गया। इसीक्रम में सरायमीर थाने पर एसडीएम निजामाबाद बागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस के मौके पर कुल नौ प्रार्थना पत्र पड़े। जिसमें से एक का निस्तारण हुआ। शेष अन्य अधिकारियों को सौंप दिया गया।