लाटघाट। हरैया ब्लाक क्षेत्र के रसूलपुर गांव में मंगलवार को सीडीओ अभिषेक सिंह ने चौपाल लगा कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। इस दौरान बिजली, कृषि और मनरेगा विभाग की शिकायत मिलने पर संबंधितों को कड़ी फटकार लगाई।
रसूलपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पर लगे चौपाल में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह को आना था, लेकिन उनके न आ पाने पर सीडीओ अभिषेक सिंह ने पहुंच कर जनता की समस्याओं को सुना। उन्होंने खडजा, नाली, चकमार्ग, शौचालय, राशनकार्ड, बिजली, कृषि, हैंडपंप, आवास, पशुओं का टीकाकरण, आंगनबाड़ी आदि विषयों पर समीक्षा की। चौपाल के दौरान बेलकुंडा विद्यालय पर तैनात रसोईयों ने मानदेय न मिलने की शिकायत की, जिस पर सीडीओ ने खंड शिक्षाधिकारी को कड़ी फटकार लागते हुए मानदेय का जल्द भुगतान करने का निर्देश दिया। कई ग्रामीणों ने शौचालय लाभार्थियों की सूची बंद कमरे में तैयार करने का आरोप लगाया। जिस पर उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी को निर्देश दिया कि 25 नये लाभार्थियों का चयन खुली बैठक में करे और उन्हें लाभ दिलाये। 2006 से गांव में बिजली की सप्लाई करने वाले ट्रांसफार्मर के खराब पड़े होने की जानकारी पर उन्होंने बिजली विभाग की क्लास ली। समीक्षा के दौरान गांव में लगे 18 इंडिया मार्का में पांच खराब मिले, जिसे ठीक कराने का निर्देश दिया गया। आंगनबाड़ी द्वारा पोषाहार का वितरण न करने की शिकायत भी सामने आई। चौपाल के दौरान ही राशनकार्ड के पात्रों की सूची भी पढ़ कर सुनाई गई। इस अवसर पर एसडीएम सगड़ी रवि रंजन, पूर्ति निरीक्षक विरेंद्र यादव, खंडशिक्षाधिकारी जनार्दन यादव, नायब तहसीलदार इंद्रमणि तिवारी, ज्ञानेंद्र यादव, मनीराम यादव, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार मिश्र, खंड विकास अधिकारी गुलाब चंद, एडीओ पंचायत दिलराम यादव आदि मौजूद रहे।