अहरौला। विकास खंड अहरौला के खजुरी गांव के कोटेदार के विरुद्ध एसडीएम बूढनपुर से शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ना ही राशन वितरण में ही कोई सुधार हुआ। तहसील प्रशासन के इस उपेक्षा से नाराज ग्रामीण अब डीएम और कमिश्नर से शिकायत करने की रणनीति तैयार कर रहे हैं।
खजुरी गांव के प्रधान रेखा यादव ने बताया कि उनके गांव का कोटेदार राशन वितरण में अनियमितता बरत रहा था। जिसकी शिकायत डीएम से की गई। डीएम ने एसडीएम बूढ़नपुर को निर्देश दिया। एसडीएम बूढनपुर ने पूर्ति निरीक्षक बूढनपुर विकास सिंह को जांच सौंपा। सप्लाई इंस्पेक्टर जांच करने की बजाय मामले को दबाकर बैठ गए हैं। पूर्ति निरीक्षक के रवैया से नाराज गांव के लोग पुन: डीएम और कमिश्नर से मिलकर शिकायत करने की रणनीति तैयार कर रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम बूढनपुर प्रकाशचंद ने बताया कि जांच में कोटेदार दोषी पाया गया है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।