सगड़ी। तहसील के बाबू शिवपत्तर राय स्मारक महाविद्यालय रामगढ़ के प्रांगण में सोमवार से सात दिवसीय जनपद एवं पूर्वांचल स्तरीय इंटर कॉलेज क्रीड़ा और चित्रकला प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन सोमवार को कबड्डी और खो-खो की प्रतियोगिताएं हुईं।
मुख्य अतिथि अध्यक्ष केदारनाथ राय ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने की अपील की। कहा कि इससे छात्र एवं छात्राएं आत्मनिर्भर बनते हैं। प्रबंधक कमलेश राय ने कहा कि प्रतियोगिता से गांव के छात्रों की प्रतिभा निखरेगी और उनका हौसला बढ़ेगा। मुख्य अतिथि ने खिलाडियों से परिचय किया। कबड्डी प्रतियोगिता का पहला मैच स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज मालटारी और चंद्र भानू सिंह इंटर कालेज मसुरियापुर के बीच खेला गया। इसमें स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज की टीम विजयी रही। खो-खो प्रतियोगिता में शिव पूजन सिंह इंटर कालेज विजयापार और स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज मालटारी के बीच मैच हुआ। इसमें शिवपूजन सिंह इंटर कॉलेज विजयापार की टीम विजयी रही। प्रतियोगिता 19 नवंबर तक चलेगी। अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार राय और संचालन डा. अल्का राय ने किया। डॉ. पंकज कुमार राय, डॉ. हरेंद्र सिंह, डा. दिवी प्रकाश राय, गिरिजेश, राकेश, मुन्नी राय, पूनम मौर्या, दुर्गेश यादव, बृजेश कुमार, शिवम कुमार राय, राकेश, भोला साहनी, अनिल राय, रमेश राय, अरुण कुमार, हौसला प्रसाद आदि उपस्थित थे।