आजमगढ़।केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों, बिगड़ती कानून व्यवस्था, महंगाई, भ्रष्टाचार, पुलिस दमन और कर्जमाफी की समस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने बुधवार को अंबेडकर पार्क में धरना दिया।
धरने को संबोधित करते हुए श्रीकांत सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश में असहिष्णुता, अर्थव्यवस्था में गिरावट से देश में सांप्रदायिक सद्भाव को खतरा पैदा हो गया है। आर्थिक विकास में गिरावट से महंगाई बढ़ रही है। राज्य परिषद के सदस्य कामरेड रामहर्ष यादव ने कहा कि सरकार भावनात्मक मुद्दे उछालकर महंगाई, भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने का काम कर रही है। गरीब अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। राज्य कार्यकारिणी के सदस्य हामिद अली ने कहा कि चुनाव में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने और किसानों को लागत का 50 प्रतिशत बोनस के रूप में देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद चुप्पी साधे हुए हैं।धर्म के नाम पर सियासत नहीं होने चाहिए और भारतीय संविधान का सम्मान होना चाहिए। जीएसटी से महंगाई बेहताशा बढ़ी है। पेट्रोल की कीमत आसमान छूने लगी है। धरने की अध्यक्षता कामरेड बसीर और संचालन जिलामंत्री श्रीकांत सिंह ने किया। इस अवसर पर हरिमंदिर पांडेय, जितेन्द्र पांडेय, हवलदार, चन्द्रमोहन, बंशु, कमला राय, रामचन्दर पटेल, सीताराम, बांके प्रसाद मौजूद रहे।