आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गांव मिल्लतनगर आदमपुर निवासी महिलाओं ने मंगलवार को एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि गांव में एक महिला खुलेआम देह व्यापार चला रही है। इसकी आड़ में वो लोगों को ब्लैकमेल कर धन उगाही कर रही है। गांव का माहौल खराब होने से लोगों ने उनके गांव में शादी करना बंद कर दिया है। उन्होंने एसपी से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गांव मिल्लतनगर आदमपुर निवासी महिलाएं मंगलवार को एकत्र होकर एसपी आफिस पहुंची और ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि गांव में एक औरत खुलेआम देह व्यापार कर रही है। गांव में आए दिन बदमाश और आवारा किस्म के लोगों के आने से माहौल खराब हो रहा है। अपने पति के सहयोग से आरोपी महिला अश्लील सीडी तैयार कर लोगों से वसूली भी करती है। मोहल्ले के लोग इसकी विरोध करते हैं तो महिला झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है। इससे गांव की अविवाहित लड़कियों पर भी असर पड़ रहा है। कोई भी गांव में शादी करने के लिए तैयार नहीं हो रहा है। उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसपी अजय साहनी ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया है। शिकायत करने वालों में शकीला, रहमानी, रोशन, शबनम, फरजाना, शहजादी, तरन्नुम आदि शामिल थीं।