अतरौलिया (ब्यूरो)। भाजपा सांसद नीलम सोनकर के गोद लिए गांव में अपात्रों को पट्टा आवंटन किए जाने के आरोपों की जांच के लिए जांच टीम रविवार को गांव में पहुंची। टीम के सदस्यों ने गांव के व्यक्तियों से अलग-अलग बयान दर्ज किया।
सांसद आदर्श ग्राम लोहरा में ग्राम प्रधान पर धनउगाही कर अपात्रों को पट्टा करने का आरोप गांव के ही मुकेश मिश्रा ने लगाया था। जिसे संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने एसडीएम बूढ़नपुर इंद्रभान तिवारी के नेतृत्व में टीम को जांच के लिए गांव में भेजा। गांव के मिनी सचिवालय के बगल बाग में उपजिलाधिकारी बूढनपुर इंद्रभान तिवारी, तहसीलदार अंबिका चौधरी, नायब तहसीलदार विराग पांडे, क्षेत्राधिकारी संतोष सिंह, प्रभारी निरीक्षक उमेश पांडे आदि की मौजूदगी में लोगों का अलग-अलग बयान लिया गया। इस बात को लेकर गांव में काफी गहमागहमी रही। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जांच के बाद उप जिलाधिकारी इंद्रभान तिवारी ने बताया कि पांच बीघा जमीन रखने वाले व्यक्ति को भी पट्टा प्रदान किया जा सकता है। मामले की जांच अभी जारी है, जांचोपरांत दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।