आजमगढ़। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस जिले में दस अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन जिले के सभी बेसिक स्कूल, इंटर कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को पेट के कीड़ा मारने वाली दवा खिलाई जाएगी। शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी उस दिन पांच-पांच स्कूलों में जाएंगे और दवा खिलवाएंगे।
उन्होंने सीबीएसई एवं आईसीएससी बोर्ड, मदरसे सहित अन्य शिक्षण संस्थाओं से अपील करते हुए कहा कि वे भी अपने बच्चों को यह दवा खिलाएं। इसका कोई साइड इफेक्ट नही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सभी स्कूल-कॉलेज में दवा समय से पहुुंचाएं। उस दिन सभी डाक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ को कोई अवकाश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दवा खाने से कोई बच्चा न छूटे इसका ध्यान रखें। यदि किसी बच्चे को दवा खाने पर कोई परेशानी होती है तो डाक्टर को दिखाएं। इस अवसर पर सीएमओ डा.एसके तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वाईके राय, सीडीओ अभिषेक सिंह, हेमंत, डा. संजय, डीपीआरओ जितेंद्र मिश्र, डा. परवेज अख्तर, डा. चंद्रप्रकाश, पूनम शुक्ला आदि मौजूद रहे।