आजमगढ़। जिले में रीवेंप योजना को रफ्तार तो धीमी है ही स्मार्ट मीटर लगाने की चाल उससे भी ज्यादा सुस्त है। जिले के तीन लाख से अधिक उपभोक्ताओं में सिर्फ नौ फीसदी उपभोक्ताओं के घर ही स्मार्ट मीटर लग सका है।
शासन के निर्देश के बाद भी सारे सरकारी कार्यालयों में अभी तक स्मार्ट मीटर नहीं लग सका है। सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगने की स्थिति तो और ज्यादा खराब है। काम पूरा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च है।
इसी क्रम में जिले में स्मार्ट लगाए जाने का कार्य भी शुरू किया गया। पांच माह से अधिक समय से जिले में स्मार्ट मीटर लग रहे हैं, लेकिन अभी तक जिले में इसका कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है।
जिले में छह लाख से अधिक उपभोक्ताओं के घर में स्मार्ट मीटर लगना है। अब तक सिर्फ 19 हजार घरों में ही स्मार्ट मोटर लग सके हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक जिले में सभी सरकारी कार्यालयों में भी स्मार्ट मीटर लगेंगे। इन कार्यालयों में मीटर लगाए जाने की अवधि 31 मार्च 2025 है। लापरवाही के चलते चयनित कंपनी के कर्मचारियों की ओर से अभी तक किसी कार्यालय में स्मार्ट मीटर नहीं लगाए गए हैं।
इस माह होली और रमजान का त्योहार मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर तीन से चार दिन का अवकाश रहेगा। ऐसे में कंपनी की ओर से काम कर रहे कर्मचारी भी घरों को जाएंगे। इससे यह काम और प्रभावित होगा।
इसके बाद भी जिम्मेदार गंभीर नहीं दिख रहे है। अगर काम की यही रफ्तार रही तो सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने में छह महीने लग जाएंगे।