आजमगढ़। दो करोड़ की लागत से जिले की सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। शासन की ओर से 163 करोड़ की लागत से दो नए संपर्क मार्गों का निर्माण होगा। निर्माण के लिए लगभग 53 लाख की धनराशि जारी भी कर दी गई है। स्वीकृति के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण की कवायद शुरू कर दी गई है। वहीं जमीन हरखोरी में राज्य सड़क निधि से मार्ग की मरम्मत के लिए 51.18 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
पीडब्ल्यूडी की ओर से नाबार्ड से वित्तपोषित आरआईडीएफ-24 योजना के तहत कप्तानगंज के लखनूपुर हरैया से रजथरिया तक लगभग दो किमी लंबे नए संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। शासन की ओर से परियोजना के लिए 81.16 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए 20.29 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। इसके साथ ही शासन की ओर से दो लेन के मुख्य मार्ग से पांच किमी की परिधि में दोनों ओर 250 से अधिक आबादी वाले राजस्व ग्रामों को पक्के संपर्क मार्ग से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। पीडब्ल्यूडी की ओर से योजना के तहत बीडीबी मार्ग से दरियापुर दलित बस्ती उत्तरी संपर्क मार्ग जिसकी लंबाई 1.80 किमी है, का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया था। शासन की ओर से इस परियोजना के लिए 82.60 लाख की स्वीकृति देते हुए 33.04 लाख रुपए जारी कर दिए हैं। दोनों परियोजनाओं की स्वीकृति मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी की ओर से निर्माण की कवायद शुरू की जा रही है। इसके साथ ही राज्य सड़क निधि से आजमगढ़-दाहरीघाट मार्ग से जमीन हरखोरी संपर्क मार्ग स्थित खड़गबहादुर सिंह के विद्यालय तक मार्ग की मरम्मत के लिए 51.18 लाख की धनराशि मंजूर करते हुए पूरी धनराशि जारी कर दी गई है।