आजमगढ़। ऊसर, बंजर, भीटा, जंगल और चारागाह आदि की जमीन पर कब्जा कर विद्यालय बनाने के मामले में सीआरओ की रिपोर्ट के आधार पर डीआईओएस डा. बीके शर्मा ने शुक्रवार को जिले के चार विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने इन विद्यालयों के प्रबंधकों को नोटिस जारी करते हुए 29 नवंबर को साक्ष्य के साथ सुनवाई में भाग लेने का निर्देश दिया है। सुनवाई के बाद विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जाएगा। जनपद में प्रमुख सचिव के निर्देश पर सरकारी भूमि पर कब्जा कर बने विद्यालयों के मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। जिले के नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण ने 22 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में ऊसर, बंजर, भीटा, जंगल और चारागाह आदि की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए विद्यालयों के खिलाफ मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस निर्देश पर जिले में कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो चुका है। शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक बीके शर्मा ने जिले के चार विद्यालयों के खिलाफ मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की संस्तुति की। मुख्य राजस्व अधिकारी ने जो रिपोर्ट उपलब्ध कराई थी, उसके अनुसार विज्ञानांबुज इंटर कालेज उबारपुर का विद्यालय भवन चारागाह, केवी इंटर कालेज मार्टीनगंज का विद्यालय भवन आबादी, बिंदेश्वरी इंटर कालेज तुलसीनगर का विद्यालय भवन ऊसर, बंजर और जंगल, श्री चिल्ड्रेन सिटी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खलीलाबाद का भवन भीटा पर बना है।
श्री दुर्गाजी विद्यालय पर नहीं हुई कार्रवाई
आजमगढ़। एक तरफ जिला प्रशासन सरकारी जमीनों पर कब्जा कर बने विद्यालयों की मान्यता समाप्त कर रही है। वहीं, कई माह पहले सीआरओ की रिपोर्ट मिलने के बाद भी महराजगंज विकास खंड के श्री दुर्गाजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवपुर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। रिपोर्ट में विद्यालय भवन बंजर भूमि में बना है। जिलाधिकारी द्वारा भूमि से कब्जा हटाने, मान्यता प्रत्याहरण करने और एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। इसमें अब तक सिर्फ एफआईआर दर्ज हुई है। इस विद्यालय के मान्यता प्रत्याहरण और कब्जा हटाने की कार्रवाई नहीं की गई। प्रबंधक द्वारा विद्यालय के नाम पर सांसद और विधायक निधि भी ली गई थी, जिसके वसूली की कार्रवाई चल रही है।
मुख्य राजस्व अधिकारी की रिपोर्ट मुझे कल मिली। जिस पर इन विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई शुरू की गई है। इन विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर 29 नवंबर को साक्ष्य सहित सुनवाई के लिए बुलाया गया है। सुनवाई के बाद कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। रही बात श्री दुर्गाजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवपुर की तो मुझे जानकारी नहीं है। मैं इसे देख रहा हूं।
- डा. बीके शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक