आजमगढ़। 19 नवंबर को विश्व शौचालय दिवस है। इसके तहत सभी जनपदों के बीच नौ से 19 नवंबर तक टायलेट-डे प्रतियोगिता कराई जाएगी। इस अवधि में आईईसी से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजनों को केंद्र सरकार सरकार की वेबसाइट पर फोटो, वीडियो के साथ अपलोड करना होगा। उत्कृष्ठ 10 डीएम, तीन मिशन निदेशक का चयन किया जाएगा। दिसंबर में इसकी घोषणा होगी और सम्मानित किया जाएगा। जीतने वाले को स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसडर अभिनेता अक्षय कुमार से मिलने का मौका मिलेगा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बड़े पैमाने पर पात्र लोगों के शौचालय बनवाए जा रहे हैं। ओडीएफ के प्रति जनसमुदाय के व्यवहार परिवर्तन के लिए आईईसी से गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अब सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण को जनांदोलन का रूप देने की योजना बनाई है। इसके तहत 19 को विश्व शौचालय दिवस के उपलक्ष्य में नौ से 19 नवंबर तक स्वच्छ भारत विश्व शौचालय दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएंगी। इसके तहत आईसी से दिवस वार विभिन्न आयोजन कराए जाएंगे। कंपोस्ट पिट, डस्टबिन, बायोगैस आदि अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। गांव, विद्यालय, आगनंबाड़ी केंद्र आदि पर समुदाय बैठक, घर-घर संपर्क, स्वच्छता रैली, उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छताग्रहियों व प्रधानों का सम्मान किया जाएगा। पंचायत घरों पर ओडीएफ से संबंधित बोर्ड लगाए जाएंगे। दो गड्ढे वाले जलबंद शौचालय के माडल को पंचायत घरों पर प्रदर्शित किया जाएगा। ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए नीले-हरे डस्टबिन का प्रयोग आदि के प्रति जागरूक किया जाएगा। दस दिनों तक होने वाली गितिविधियों के साथ-साथ 19 नवंबर को होने वाले विशेष आयोजन को निर्धारित आवेदन पत्र पर इसे केंद्र सरकार की वेबसाइट sbm.gov.in/wtd 2018 पर 21 नवंबर तक अपलोड किया जाएगा। उत्कृष्ठ कार्य करने वाले 10 जिलों के डीएम और तीन मिशन निदेशक का चयन किया जाएगा। दिसंबर में प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा होगी। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय की ओर से इन्हें सम्मानित किया जाएगा। जीतने वाले को स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसडर अभिनेता अक्षय कुमार से मिलने और समय बिताने का मौका मिलेगा।
शासन के निर्देश से सभी बीडीओ को अवगत करा दिया गया है। शौचालय दिवस संबंधी गतिविधियां कराने और फोटोग्राफ तथा वीडियो 22 तक जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कमलेश कुमार सिंह, सीडीओ