शिब्ली नेशनल कालेज के छात्र संगठन के नेताओं और आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन(एआईएमआईएम)ने रविवार को अलग-अलग बैठक कर बिलरियागंज थाना क्षेत्र में किशोरी के साथ हुए गैंगरेप के आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की।
शिब्ली नेशनल कालेज के छात्र संघ की बैठक अध्यक्ष कमर कमाल की अध्यक्षता में रविवार को हुई। बैठक में बिलरियागंज थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम किशोरी के साथ हुए गैंगरेप की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बताया। उन्होंने दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि बलात्कार की लगातार हो रही घटना कैंसर से भी भयानक होती जा रही है। बैठक में शारिक खान आजमी, अबु हातिम, इरफान अहमद, लालजीत यादव, संजय निषाद सहित अनेक छात्र उपस्थित रहे। इसी प्रकार आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन की बैठक अध्यक्ष आदिल कुरैशी के बिलरियागंज स्थित आवास पर हुई। बैठक में किशोरी के साथ हुए गैंगरेप की घटना की कड़ी निंदा की गई। उन्होंने उच्चाधिकारियों से कड़ी कार्रवाई किए जाने के साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग किया है। बैठक में फैसल शाजहां, अशोक कुमार, अमरजीत कुमार, मोहम्मद दानिश, अखिलेश कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ब्यूरो