जहानागंज। भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राजकीय मेडिकल कालेज एवं सुपर फैसिलिटी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने प्राचार्य से मिल कर उपकरणों को दूसरे जिले भेजे जाने की शिकायत से लेकर हर समस्याओं पर वार्ता की।
जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह के नेतृत्व में अस्पताल पर पहुंची कमेटी ने पहले प्राचार्य से करोड़ों के उपकरण अन्यत्र जिलों में भेजे जाने, स्टाफ नर्सो के स्थानांतरण, कैंपस में नेटवर्क की समस्या, परिवहन सुविधा आदि पर जानकारी प्राप्त किया। प्राचार्य ने बताया कि अस्पताल के एक भी उपकरण कहीं नहीं भेजे गये है। स्टाफ नर्सो का स्थानंतरण शासन स्तर से हुआ है। जहां तक अस्पताल में स्टाफ नर्सो की कमी की बात है तो शासन ने जल्द स्टाफ नर्सो को उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। भाजपा की कमेटी को बताया गया कि करोड़ों की लागत से बने इस मेडिकल कालेज और अस्पताल के पास अब तक एक भी एंबुलेंस नहीं है। जिस पर जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से वार्ता कर एंबुलेंस की व्यवस्था कराने की बात कही। इस दौरान अस्पताल के कुछ डॉक्टरों के प्राइवेट प्रैक्टिस की बात भी उठी। जिस पर प्राचार्य ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश चंद्रा की शिकायत शासन से करने की बात कही और बताया कि शिकायत के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। टीम ने अस्पताल के सोनोग्राफी, एक्सरे मशीन के साथ ही अन्य उपकरणों की स्वयं संबंधित कक्षों में जाकर जांच पड़ताल किया। भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने निरीक्षण के बाद बताया कि विपक्षी दलों के लोग अफवाह फैला रहे है। अस्पताल के किसी भी उपकरण को किसी भी अन्य जिले में नहीं भेजा गया है। सारे उपकरण अस्पताल पर मौजूद है। कुछ समस्याएं जरूर सामने आयी, जिसका जल्द निराकरण करा दिया जायेगा। निरीक्षण के दौरान अखिलेश मिश्रा, बृजेश यादव, हरिवंश मिश्रा, संत प्रसाद अग्रवाल, सत्य प्रकाश पांडेय, धनंजय राय, गणेश मिश्रा, सूर्यमणि सिंह, रविशंकर तिवारी, संतोष दूबे आदि मौजूद रहे।