बूढ़नपुर। नवागत जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने मंगलवार को जनपद में अपने पहले संपूर्ण समाधान दिवस पर बूढ़नपुर तहसील में फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान उनके सामने कुल 163 वाद प्रस्तुत हुए जिसमें से उन्होंने तीन का निस्तारण कर दिया।
प्रस्तुत हुए वादों में 137 राजस्व विभाग, 10 पुलिस विभाग, पांच विकास विभाग, एक शिक्षा विभाग और 10 अन्य विभाग के मामले शामिल थे। जिलाधिकारी ने कहा कि जन समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी शिकायतों को व्यवहारिक रूप से देख कर शिकायतों का निस्तारण करें। शिकायतकर्ता हरिकेश द्वारा परिवार रजिस्टर में इंट्री से संबंधित शिकायत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने उसे तत्काल निस्तारण के लिए विकास खण्ड अधिकारी हरैया को निर्देशित किया। ज्यादातर शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थी जिन्हें जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को निर्देशित करते हुए कहा कि मौके पर जाकर समस्याओं से अवगत होते हुए समस्या का निस्तारण करें। जनपद को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए लोगों को व्यवहार में परिवर्तन करना होगा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना होगा। इस मौके पर एसपी आरए एनपी सिंह, सीएमओ डा. एसके तिवारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. वीके सिंह, पीडी देवदत्त शुक्ल, जिला विकास अधिकारी विजय कुमार यादव, उप जिलाधिकारी बूढनपुर प्रकाश चंद, सीओ बूढनपुर रामजतन, तहसीलदार अंबिका चौधरी, नायब तहसीलदार विराग पांडेय आदि उपस्थित थे। मार्टीनगंज प्रतिनिधि के अनुसार तहसील मुख्यालय के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन एडीएम वित्त एंव राजस्व वीके गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ । जिसमे कुल 40 प्रार्थना पत्र आए लेकिन एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सभी को संबंधित विभागों के हवाले निस्तारण के लिए सौंप दिया गया।
तत्काल रिबोर किए जाएं सरकारी नलकूप
सगड़ी। तहसील परिसर में मंगलवार को एसडीएम सगड़ी रविरंजन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 135 प्रार्थना पत्र आए जिसमें किसी का निस्तारण नहीं हो सका। सभी को संबंधित विभागों के हवाले कर दिया गया। हैंडपंपों के खराब होने की शिकायत पर एसडीएम सभी हैंडपंपों और नलकूपों को तत्काल रिबोर कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीओ सगडी़ सुधाकर सिंह, तहसीलदार मनोज कुमार, बीडियो हरैया गुलाबचंद और बीडियो अजमतगढ़ राजीव कुमार वर्मा आदि उपस्थित थे। ब्यूरो
मदद के लिए भटक रही है महिला
सगड़ी। नगर पंचायत जीयनपुर के समता नगर मुहल्ला निवासी शशि मौर्या के पति विनोद मौर्या की गत दिनों सउदी में हुए सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। तभी से उसकी पत्नी शशि मौर्या पति की मौत के बाद कंपनी की तरफ से मिलने वाली आर्थिक सहायता की बाट जो रही है। वह मुआवजे की रकम दिलाने के लिए अधिकारियों के दफ्तर का चक्कर लगा रही। मंगलवार को शशि मौर्या सगड़ी तहसील में आयोजित तहसील दिवस में एसडीएम सगड़ी रवि रंजन से मिलकर गुहार लगाई। एसडीएम ने शशि को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।