बिंद्राबाजार। आंवक में ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मंगलवार को फिल्म डायरेक्टर एवं अभिनेत्री शबाना आजमी के भाई बाबा आजमी ने किया। उद्घाटन मैच में खैरा ने संजरपुर को हराया। लछिरामपुर रुदरी, नसीरपुर, मंजीर पट्टी ने भी जीत दर्ज की।
उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए बाबा आजमी ने कहा कि अच्छा खेलने से इन्हीं गांव के खिलाड़ियों में कोई सचिन तो कोई सुनील गावस्कर जैसा बन सकता है। कहा कि यदि आजमगढ़ में खिलाड़ियों के लिए अच्छे स्टेडियम और सहूलियत मिले तो यहां के खिलाड़ी नेशनल टीम में जा सकते हैं। सेलेक्ट हो सकते हैं। पहला मैच संजरपुर और खैरा के बीच खेला गया। संजरपुर ने छह ओवर में 39 रन बनाएं। खैरा की टीम ने चार ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 40 रन बनाकर जीत दर्ज की। लछिरामपुर रुदरी और छतवारा के बीच हुए मैच में छतवारा की टीम ने छह ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 29 रन बनाए। जवाब में लछीरामपुर रुदरी की टीम ने छह ओवर में छह विकेट खोकर 30 रन बनाए और जीत दर्ज की। नसीरपुर की टीम ने चार ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 46 रन बनाए। मुड़ियार की टीम ने चार ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 32 रन पर ही सिमट गई। मंजीर पट्टी की टीम ने छह ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 55 रन बनाए। गौरडीह खालसा की टीम छह ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 21 रन पर ही सिमट गई। इस मौके पर जाहिद खान, वसीम, साजिद, खालिद, आदिल, कौशल, सलमान उपस्थित रहे।